कुशीनगर में सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के काफिले पर हमले का वीडियो सामने आया है। वीडियो में देखने को मिल रहा है, ‘सड़क के एक तरफ सपा का काफिला है तो एक तरफ भाजपा प्रत्याशी का। सपा की गाड़ियों के सामने कुछ युवक प्रदर्शन कर रहे हैं। युवकों के हाथ में भाजपा का झंडा है। वह जोर-जोर से नारेबाजी कर रहे हैं। एक युवक बोल रहा, गई साइकिल-गई साइकिल’, इस दौरान सपा का समर्थक कहता है, बताइये इस तरह हैं आपके लोग।
देखते ही देखते भाजपा कार्यकर्ता उग्र हो जाते हैं। कुछ भाजपा नेता उन्हें समझाने का प्रयास भी वहां करते हैं, लेकिन वह किसी की नहीं सुनते हैं। सभी के गले में भगवा रंग का गमछा रहता है। जय श्रीराम की नारेबाजी करते हुए वह स्वामी प्रसाद मौर्य के काफिले पर हमला कर देते हैं। एक तरफ भाजपा प्रत्याशी का काफिला खड़ा होने के कारण गाड़ियां एक-एक निकलती हैं और भाजपा प्रत्याशी उस पर पत्थरबाजी करते रहते हैं। काफिलें में चल रहीं कई लग्जरी गाड़ियों के शीशे टूट जाते हैं।
फाजिलनगर सीट से चुनाव लड़ रहे स्वामी प्रसाद मौर्य
बता दें, चुनाव से पहले स्वामी प्रसाद मौर्य भाजपा छोड़ सपा में शामिल हो गए थे। सपा ने उन्हें फाजिलनगर सीट से प्रत्याशी बनाया है। इससे पहले वह पडरौना से चुनाव लड़ते रहे हैं। फिलहाल मामले में सपा ने विशुनपुर थाने में भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र कुशवाहा समेत 18 नामजद और 100 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
डंडा लेकर पहुंच गई थीं संघमित्रा मौर्य
ये हमला खलवा पट्टी गांव के पास हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद अपने पिता के लिए वोट मांग रहीं भाजपा सांसद संघमित्रा मौर्य भी डंडा लेकर मौके पर पहुंच गईं। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा, भाजपा शांति, दंगा मुक्त प्रदेश की बात करती है, लेकिन भाजपा प्रत्याशी ने मेरे पिता पर हमला किया है।
इन पर दर्ज हुआ मुकदमा
वहीं सपा ने इस मामले में 18 नामजद सहित 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने वशिष्ठ राय, गणेश पांडेय, लल्लन गोंड़, परशुराम कुशवाहा, नवीन ओझा, दीपराज खरवार, पवन सिंह, दीपक गोंड़, इन्द्रजीत कुशवाहा, अरविंद मद्धेशिया, दीपक द्विवेदी, विजय सिंह, ब्यास गोंड़ हिंदुस्तानी, सुरेन्द्र सिंह कुशवाहा प्रत्याशी भाजपा, अंकुर सिंह, अजिताभ शाही, जितेंद्र शाही और अनिल गिरी पर नामजद मुकदमा दर्ज किया है।
संघमित्रा और स्वामी के बेटे अशोक समेत 24 पर FIR दर्ज
इस मामले में भाजपा की ओर से बदायूं की सांसद व स्वामी प्रसाद की बेटी संघमित्रा मौर्य व बेटे अशोक मौर्य समेत 24 लोगों को नामजद किया गया है।