पंजाब चुनाव में मिली बंपर जीत के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) का दबदबा राज्यसभा में भी बढ़ जाएगा। उच्च सदन में YSR (6), समाजवादी पार्टी (5) और RJD (5) के बाद AAP पांचवें नंबर की पार्टी बन जाएगी। वहीं नए बने समीकरणों के चलते अकाली दल का राज्यसभा से पूरी तरह सफाया हो जाएगा। BSP भी केवल एक सीट तक सिमट कर रह जाएगी।
AAP को कैसे होगा फायदा आइए इसका गणित समझते हैं, लेकिन इससे पहले पोल में हिस्सा लेकर इस सवाल का जवाब भी दे सकते हैं।
पंजाब से आने वाले राज्यसभा के पांच सांसदों का कार्यकाल नौ अप्रैल और दो सांसदों का कार्यकाल चार जुलाई को खत्म हो रहा है। इनमें तीन सांसद अकाली दल, तीन कांग्रेस और एक BJP के हैं। विधानसभा के बाद राज्यसभा की पांच सीटों के लिए चुनाव 31 मार्च को होने हैं।
आगे क्या होगा : पंजाब में AAP की सरकार होने से पार्टी के खाते में पांच में से चार सीटें आनी तय हैं। कांग्रेस को एक सीट पर संतोष करना पड़ेगा। जबकि, अकाली दल को एक भी सीट नहीं मिलेगी। चार जुलाई को जो दो सीटें खाली हो रही हैं, वे दोनों ही AAP के खाते में चली जाएंगी।