हफ्ते के चौथे दिन भी आज शेयर बाजार में भारी तेजी है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 950 पॉइंट्स ऊपर 57,806 पर कारोबार कर रहा है। इसके सभी 30 शेयर्स बढ़त में हैं। बैंकिंग स्टॉक इसे सपोर्ट कर रहे हैं। कल भी यह सेक्टर सबसे ज्यादा बढ़ा था।
बैंकिग शेयर्स की दो दिनों से तेजी का प्रमुख कारण अमेरिका के सेंट्रल बैंक द्वारा ब्याज दरें बढ़ाना है। तीन साल में यह पहली बार हुआ है। इससे पहले दिसंबर 2018 में ऐसा हुआ था। बुधवार को इसने ब्याज दरों में एक चौथाई की बढ़त की। ऐसी उम्मीद है कि इस साल यह सात बार दरें बढ़ा सकता है।
मार्केट कैप 260 लाख करोड़ रुपए
लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 260 लाख करोड़ रुपए है। कल यह 256 लाख करोड़ रुपए था। यानी इसमें 4 लाख करोड़ रुपए की बढ़त हुई है। आज सेंसेक्स 804 अंक ऊपर 57,620 पर खुला था। पहले घंटे में इसने 57,687 का ऊपरी और 57,518 का निचला स्तर बनाया।
एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस भी तेजी में
इसके बढ़ने वाले प्रमुख स्टॉक में HDFC, एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस, अल्ट्राटेक सीमेंट, HDFC बैंक और एशियन पेंट्स के साथ कोटक बैंक, ICICI बैंक 2 से 3% तेजी में हैं। इनके साथ ही SBI, इंडसइंड बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, बजाज फिनसर्व, टाइटन, विप्रो, टाटा स्टील, मारुति, लार्सन एंड टुब्रो, TCS और टेक महिंद्रा के साथ इंफोसिस के शेयर्स 1 से 2% की बढ़त में हैं।