लखनऊ : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सी.बी.एस.ई.) ने 12वीं का रिजल्ट घोषित कर दिया है। राजधानी लखनऊ से इस बार 12वीं में करीब 14 हजार छात्र- छात्राओं ने परीक्षा दी थी। घोषित परिणाम में शहर के मेधावियों का प्रदर्शन शानदार रहा है। लखनऊ पब्लिक कालिजिएट शारदा नगर की छात्रा अशिका यादव ने 99 प्रतिशत अंक हासिल कर शहर का मान बढ़ाया है। दूसरी तरफ रानी लक्ष्मीबाई स्कूल की श्रेया ने 98.4 प्रतिशत, खुशी तिवारी ने 98.4 प्रतिशत, साक्षी अवस्थी ने 98 प्रतिशत अंक, दिव्या त्रिपाठी ने 98 प्रतिशत अंक लेकर सफलता हासिल की है।
इसी तरह जीडी गोयनका स्कूल के मेधावियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। ओजस्विता ने 98.4% , श्रृष्टि गुप्ता 97.2 और नयनिका पांडेय 97% अंक हासिल करने में सफल रही। इसी तरह पब्लिक स्कूल साऊथ सिटी की श्रद्धा सिंह ने 97.6%, आदित्य कुमार ने 97.4%, आरएलबी की ऐश्वर्या श्रीवास्तव ने 97.4% अंक प्राप्त किया है।
सी.बी.एस.ई. 12वीं में इस साल 92.71% छात्र- छात्राएं उत्तीर्ण हुए हैं। वर्ष 2020 में 88.78 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए थे। सी.बी.एस.ई. 12वीं में टर्म वन और टर्म टू की परीक्षा हुई थी। बोर्ड ने टर्म वन के थ्योरी पेपर से 30% का वेटेज लिया है। टर्म टू से 70% अंक लिया गया है। हालांकि प्रयोगात्मक परीक्षा में कक्षा 10वीं और 12वीं दोनों में अंतिम परिणाम तैयार करने के लिए वेटेज दिया गया है।
सी.बी.एस.ई. 12वीं में बोर्ड ने अभी टापर्स की सूची नहीं जारी की है। स्कूलों की ओर से अलग-अलग अंक के आधार पर अपने टापर्स का दावा किया गया है। सी.बी.एस.ई. के अनुसार 10वीं में जिन छात्रों ने बेसिक गणित लेकर पढ़ाई की थी और परीक्षा दी है, रिजल्ट आने के बाद अगर वह 11वीं में गणित लेना चाहेंगे तो उन्हें गणित लेने की अनुमति दी गई है।