70 साल के SP नेता ने 20 साल की लड़की से रचाई चौथी शादी! 11 बच्चों के बाप पर दूसरी पत्नी का चौंकाने वाला आरोप, थाने में लगाई FIR
गाजियाबाद के थाना शहर के कैला भट्टा इलाके में समाजवादी पार्टी के नेता हाजी खलील की चौथी शादी को लेकर विवाद बढ़ गया है। 70 साल के खलील ने हाल ही में 20 साल की महिला से शादी की थी, जिसके बाद उनकी दूसरी पत्नी नाजरीन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है क्योंकि हाजी खलील पहले से ही कई विवादों में रह चुके हैं।
नाजरीन अपने बेटे के साथ पुलिस अधिकारियों के पास पहुंची और आरोप लगाया कि खलील हर शादी के बाद उसे छोड़ देता है या बच्चे होने पर घर से निकाल देता है। उसने दावा किया कि उनकी शादी 1991 में हुई थी और उस समय उसे खलील की पहली शादी और उसके बच्चों के बारे में नहीं बताया गया था। बाद में उसे पता चला कि उसकी पहली पत्नी से उसके आठ बच्चे हैं।
नाजरीन के मुताबिक, उसके तीन बच्चे हैं- दो बेटियां और एक बेटा। उसका आरोप है कि खलील ने 2010 में तीसरी शादी की, लेकिन कोई बच्चा न होने पर उसे तलाक दे दिया। अब उसने चौथी शादी 20 साल की महिला से की है। नाजरीन का दावा है कि उसकी नई पत्नी और खलील प्रॉपर्टी उसके नाम करने की साजिश कर रहे हैं। जब उसने विरोध किया तो उसे और उसके बेटे को जान से मारने की धमकी दी गई और घर से निकाल दिया गया।
दूसरी ओर, हाजी खलील ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि शिकायत करने वाली महिला से उसकी कोई वैध शादी नहीं है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है। एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने भरोसा दिया है कि सभी तथ्यों की जांच के बाद सही कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि हाजी खलील पहले भी विवादों में रहे हैं। वह 1995 और 2000 में इस्लामनगर वार्ड से पार्षद रहे थे। उन पर नगर निगम की लगभग ₹30 करोड़ कीमत की जमीन पर गैर-कानूनी तरीके से कब्जा करने का भी आरोप है। बताया गया है कि इस जमीन पर धार्मिक और कमर्शियल स्ट्रक्चर बनाकर किराए पर दे दिया गया था, जिसके खिलाफ नगर निगम पहले भी कार्रवाई कर चुका है। चौथी शादी को लेकर विवाद इलाके में चर्चा का विषय बन गया है और सबकी नजर पुलिस जांच के नतीजे पर है।





